नाटक के माध्यम से दी सड़क सुरक्षा की जानकारी
फरीदाबाद। सड़क सुरक्षा के नोडल अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने सेक्टर-11 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा संबंधी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया। इसमें सहायक सचिव राजकुमार राणा, खंड शिक्षा अधिकारी अनिता शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सहायक सचिव राजकुमार राणा ने कहा कि विभाग हरियाणा सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहा है। मुख्यमंत्री के आदेशों के अनुसार, सड़क दुघर्टनाएं रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए स्कूली बच्चों का सहारा लिया जा रहा है। बच्चों द्वारा एक नाटक के माध्यम से रेड लाइट का पालन करने का संदेश दिया गया। इसके अलावा विभिन्न आर्ट एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी बच्चों ने ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ाया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक नरपाल यादव ने कार्यक्रम के पहुंचे अतिथियों को पौधे भेंट किए। उन्होंने बताया कि रंगोली प्रतियोगिता में ऐश्वर्य, साईदा, प्रतिभा, यासिका का ग्रुप प्रथम रहा, जबकि प्रियंका, भूमिका, दीपाली का ग्रुप द्वितीय रहा। भाषण प्रतियोगिता में अंकित प्रथम और वंशिका द्वितीय रहे। क्विज प्रतियोगिता में कुनाल और योगल प्रथम, आदित्य और विनीत द्वितीय रहे। माही, नरेंद्र, अमन, दीपेंद्र, हर्ष, सुनील, शिवम और मयंक ने सड़क सुरक्षा संबंधी नाटक बहुत सुंदर तरीके से प्रस्तुत किया।