अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए नई दिल्ली-कोसीकलां ईएमयू ट्रेन सेवा का विस्तार धौलपुर जंक्शन तक किया है। यह व्यवस्था 30 जून तक लागू रहेगी। इससे आगरा, मथुरा और धौलपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 64074 नई दिल्ली-कोसीकलां अब धौलपुर जंक्शन तक जाएगी। यह ट्रेन कोसीकलां से सुबह 7:20 बजे रवाना होकर मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए सुबह 11:20 बजे धौलपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 64073 धौलपुर-कोसीकलां-नई दिल्ली दोपहर 3 बजे धौलपुर से चलकर शाम 7:50 बजे कोसीकलां पहुंचेगी और आगे नई दिल्ली के लिए अपनी यात्रा जारी रखेगी।