दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे मरोड़ा कट के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे के तीन दिन बाद भी दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार हादसे के संबंध में विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले की जांच कर रहे एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज प्राप्त करने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा जा चुका है। फुटेज मिलने के बाद आरोपी वाहन और चालक की पहचान करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की उम्मीद है। दोषी की पहचान होने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतकों के परिजनों ने भी मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।