संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। गुरुवार को अलावलपुर स्थित स्कूल नूंह में जिला कांग्रेस संयोजक चौधरी महताब अहमद ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), कांग्रेस पार्टी के बूथ लेवल एजेंटों तथा स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चौधरी महताब अहमद ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिकारियों और बूथ एजेंटों से अपील की कि पुनरीक्षण अभियान पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में न जोड़ा जाए। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी आग्रह किया कि वे अपनी तथा अपने परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज जानकारी की जांच करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते उसका सुधार कराएं। बैठक के दौरान बूथ स्तर पर आ रही समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा हुई। चौधरी महताब अहमद ने भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार कराने के लिए हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।