मुख्यमंत्री केजरीवाल बुधवार को गठबंधन के तीन उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो करेंगे। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बताया कि केजरीवाल चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार जयप्रकाश अग्रवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार उदित राज के समर्थन में रोड शो करेंगे। उनका पहला रोड शो मॉडल टाउन से शुरू होगा और दूसरा रोड शो जहांगीर पुरी में होगा।
आप और कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल
आप व कांग्रेस के पूर्वी दिल्ली के कई नेताओं ने मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इन नेताओं में पूर्व पार्षद व एमसीडी का चुनाव लड़ने वाले नेता भी शामिल हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा ने उनका पार्टी में स्वागत किया। भाजपा के दोनों नेताओं ने आप नेता श्रवण दीक्षित व कांग्रेस नेता सुशील तिवारी और समर्थकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। भाजपा नेता शुभेन्दू शेखर अवस्थी, संजय गोयल, योगेश वर्मा व आरती मेहरा भी मौजूद थी। सचदेवा ने कहा कि दिल्लीवालों से मिल रहे भाजपा प्रत्याशियों के प्यार और आशीर्वाद के कारण हम सातों सीटें जीतने जा रहे हैं।
‘सत्ता का संग्राम’ आज चांदनी चौक में
चांदनी चौक दिल्ली का सबसे पुराना एवं सबसे व्यस्त क्षेत्र है। 2019 में यहां से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉ. हर्षवर्द्धन ने जीत दर्ज की थी। इस बार भाजपा ने उनका टिकट काटकर प्रवीण खंडेलवाल पर भरोसा जताया है। वहीं, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में जेपी अग्रवाल मैदान में हैं। चांदनी चौक के मतदाता और खासकर युवा सरकार और अपने लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों के बारे में क्या सोचते हैं, उनके क्या मुद्दे और आकांक्षाएं हैं, मतदाताओं के मुद्दों पर नेताओं का क्या कहना है, वे किन मुद्दों को लेकर चुनाव में उतरे हैं? इन सभी सवालों के जवाब जानने के अमर उजाला का चुनावी रथ ‘सत्ता का संग्राम’ 15 मई को चांदनी चौक में रहेगा।