नई दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में एक स्थिति रिपोर्ट दाखिल की है। इसमें कहा गया है कि डिफाल्टर साेसाइटियों को कनेक्शन काटने का नोटिस दिया गया था। 55 सोसाइटियों ने इसका जवाब दिया है। डीजेबी ने कहा कि प्रतिवेदन व नमूना रिपोर्ट का आकलन करने के बाद पता चला कि आठ सोसाइटी में एफ-कोलिफार्म व अमोनिया नहीं पाया गया जबकि 19 सोसाइटी में एफ-कोलिफार्म मिला है। मामला द्वारका की 180 सोसाइटी में लगाए गए वर्षा जल संचयन सिस्टम (आरडब्ल्यूएच) से भूजल दूषित होने से जुड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार नौ सोसाइटियों में आरडब्ल्यूएच पिट सूखे मिले और मानसून सत्र के दौरान इसका नमूना लिया जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया कि दो सोसाइटियों में आरडब्ल्यूएच संचालित होता नहीं पाया गया जबकि पांच सोसाइटियों में समाधान का काम चल रहा है और 12 सोसाइटियों ने आर्थिक मदद के साथ ही एनजीटी के निर्देशों का अनुपालन करने के लिए समय बढ़ाने की मांग की है। ब्यूरो