राजधानी दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल से गिरकर आठ माह की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची का पिता इमारत में मजदूरी का काम करता था परिवार के साथ चौथी मंजिल पर रहता था। बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मकान मालिक और ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। बच्ची की शिनाख्त दीपिका के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को आचार्य भिक्षु अस्पताल से एक बच्ची की मौत की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंची पुलिस को बच्ची के पिता हर प्रसाद ने बताया कि वह मूलत: मध्य प्रदेश का रहने वाला है। वह कीर्ति नगर के एल ब्लॉक में एक निर्माणाधीन इमारत में मजदूरी करता है। शनिवार सुबह वह काम पर जाने लगा। इस दौरान उसकी पत्नी ने कहा कि टंकी में पानी नहीं आ रहा है। वह पानी की पाइप को देखने के लिए चला गया। जबकि उसकी पत्नी नहाने के लिए चली गई। उसकी बेटी दीपिका वहीं खेल रही थी।
इसी दौरान किसी ने शोर मचाया कि इमारत के पीछे किसी की बच्ची गिर गई है। वह भागकर वहां पहुंचा। दीपिका वहां अचेत पड़ी थी। वह उसे लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।