अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन और हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। ट्रेन संख्या 04123/04124 के कुल आठ अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। ट्रेन 04123 प्रयागराज से निजामुद्दीन के लिए रविवार और बुधवार को चलेगी। इसका संचालन अब 30 अगस्त तक होगा। वहीं, ट्रेन 04124 निजामुद्दीन से प्रयागराज के लिए सोमवार और बृहस्पतिवार को चलेगी और 31 अगस्त तक संचालित होगी। पहले दोनों ट्रेनों का संचालन क्रमश: 29 और 30 जुलाई तक निर्धारित था। रेलवे के अनुसार, ट्रेनों में प्रथम वातानुकूलित, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। इससे प्रयागराज, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी।