संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। उपमंडल एसडीएम हरिराम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अवैध निर्माण एवं अनधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण अभियान के सफल संचालन एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला नगर योजनाकार अनिल मलिक को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। एसडीएम हथीन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार यह विशेष अभियान 16 जुलाई तथा 17 जुलाई-2026 को हथीन के नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों तथा अनुसूचित सडक़ों की प्रतिबंधित पट्टी में संचालित किया जाएगा। ड्यूटी मजिस्ट्रेट अभियान के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 के तहत कार्यपालक मजिस्ट्रेट के रूप में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करेंगे। एसडीएम ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्रवाई से पूर्व यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित भूमि अथवा प्रस्तावित कार्रवाई पर किसी न्यायालय द्वारा कोई स्टे अथवा यथास्थिति आदेश प्रभावी न हो। साथ ही भूमि का सीमांकन (डिमार्केशन) सहित समस्त कार्रवाई नियमानुसार एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।