अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (डूटा) के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के उच्च शिक्षा सचिव डॉ. विनीत जोशी से मुलाकात की। संगठन के अध्यक्ष प्रो. वीएस नेगी और सचिव प्रो. बिमलेंदु तीर्थंकर ने उनका नेतृत्व किया। बैठक का उद्देश्य शिक्षकों से जुड़े लंबित मुद्दों को उठाना था। डूटा ने 8वें वेतन आयोग के गठन का स्वागत करते हुए अग्रिम वेतन संशोधन समिति बनाने की मांग की। डूटा ने पदोन्नति में एडहॉक और अस्थायी सेवाओं को शामिल करने की भी मांग रखी। मुलाकात के दौरान डूटा ने नई शिक्षा नीति 2020 के कार्यान्वयन के चलते शिक्षण पदों, बुनियादी ढांचे और शोध अनुदानों की कमी को रेखांकित किया। इस दौरान पुरानी पेंशन योजना की बहाली और सेवा के दौरान मृत्यु पर लाभ देने की मांग भी दोहराई गई।
इसके अलावा आरक्षण रिक्तियों को भरने, हेफा ऋण माफी, नियमितीकरण, अंबेडकर पीठ की स्थापना और शिक्षकों के लिए सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दे भी उठाए गए।