नई दिल्ली।दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने नियमित कॉलेज, एनसीवेब, व एसओएल की मई-जून में होने वाली, दूसरे, चौथे, छठे, आठवें व दसवें सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अब छात्र बिना लेट फीस के 10 अप्रैल रात 11: 59 तक परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। वहीं, लेट फीस के साथ फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। इससे पहले परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि 31 मार्च तय की गई थी। परीक्षा शाखा ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित तिथियों के बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षा फॉर्म भरने की समय-सीमा को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। ब्यूरो