सीटें खाली रहने पर बारहवीं के अंकों के आधार पर होंगे दाखिले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बीटेक के दाखिले इस बार ज्वाइंट एडमिशन काउंसलिंग से भी होंगे। बीटेक की सीटें खाली रहने पर बारहवीं के अंकों के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक कुमार नगावत ने बताया कि पहले दाखिले काउंसलिंग से जेईई मेन के स्कोर के आधार पर होंगे। सीटें बचने पर सीधे दाखिले होंगे, जिसमें 12वीं के अंकों को देखा जाएगा। इसमें दिल्ली के छात्रों के 75 फीसदी अंक व बारहवीं के छात्रों के लिए 85 फीसदी अंकों की अनिवार्यता रहेगी। बता दें बीते साल विश्वविद्यालय जैक काउंसलिंग का हिस्सा नहीं बना था और केवल बारहवीं के अंकों के आधार पर ही दाखिले दिए गए थे। वहीं, विश्वविद्यालय ने नए सत्र में कुछ नए कोर्स शुरू किए हैं, जिनके लिए आवेदन प्रक्रिया चार मई से शुरु होगी। जबकि बैचलर प्रोग्राम के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 मई से शुरू करने की तैयारी की जा रही है।