मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा 'ऐसी शिकायतें आ रही हैं कि कुछ ड्राइवर महिलाओं को देखकर बस नहीं रोकते क्योंकि महिलाओं का सफर फ्री है। इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बस ड्राइवर के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है'। बता दें कि मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आते ही बस ड्राइवर की पहचान कर ली गई, जिसके बाद चालक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया गया'।
क्या है मामला?
दरअसल, वीडियो में दिख रहा है कि दिल्ली के एक बस स्टॉप पर कुछ महिलाएं बस को रोकने के लिए आवाज दे रही हैं। बस कुछ सेकंड के लिए रुकती भी है और एक यात्री बस से उतरता है। इससे पहले कि महिलाएं उस तक पहुंचतीं, बस ड्राइवर बस को रफ्तार बढ़ा देता है। इसी वीडियो को सीएम केजरीवाल ने ट्वीट किया है। सीएम के इस ट्वीट पर दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि चालक व अन्य स्टाफ की पहचान कर ली गई है। सख्त कार्रवाई की जा रही है। किसी भी चालक द्वारा इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।