संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। मेवात कैडर में प्राथमिक शिक्षक (जेबीटी) के पद पर चयनित होने के बावजूद दस्तावेज सत्यापन से वंचित रह गए 240 अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। इन अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए अंतिम अवसर दिया गया है। 18 और 19 अगस्त को सुबह नौ बजे नूंह शहर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय-1 (टंकी वाला स्कूल) में उनका सत्यापन होगा। प्राथमिक शिक्षक के कुल 1456 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 25 से 28 जुलाई तक आयोजित किया गया था, लेकिन 240 अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हो सके थे। अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और नियुक्ति से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। इसके अलावा दस्तावेज की दो फोटो कॉपी, आवेदन पत्र और चरित्र प्रमाण-पत्र भी साथ लाना अनिवार्य बताया गया है। डीईओ मामराज रावत ने कहा कि यह अभ्यर्थियों के लिए अंतिम अवसर है।