पंजीकरण से इंटर्नशिप तक के काम प्रभावित, पूर्णकालिक रजिस्ट्रार नियुक्त करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली मेडिकल काउंसिल (डीएमसी) के नवनिर्वाचित निकाय की अधिसूचना जारी होने में देरी से डॉक्टरों की परेशानी बढ़ रही है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विनय अग्रवाल ने दिल्ली सरकार से जल्द अधिसूचना जारी करने और पूर्णकालिक रजिस्ट्रार नियुक्त करने की मांग की है। डॉ. अग्रवाल के अनुसार 31 मई 2026 को चुनाव होने के करीब पांच महीने बाद भी निर्वाचित निकाय को जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। फिलहाल काउंसिल का काम अस्थायी व्यवस्था के तहत चल रहा है। इससे डॉक्टरों के पंजीकरण, नवीनीकरण, अतिरिक्त शैक्षणिक योग्यताओं को दर्ज कराने और इंटर्नशिप पोस्टिंग में देरी हो रही है। विदेशी मेडिकल स्नातकों से जुड़े मामलों और अनुशासनात्मक शिकायतों के निपटारे पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि काउंसिल का नियमित कामकाज बहाल करना जरूरी है, ताकि डॉक्टरों को समय पर सेवाएं मिल सकें और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।