अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन (डीएमए) ने चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले दस वरिष्ठ चिकित्सकों को डीएमए हेल्थकेयर लीजेंड अवॉर्ड और 40 चिकित्सकों को चिकित्सा गौरव सम्मान से सम्मानित किया। समारोह में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विनय अग्रवाल, विधायक एवं डीएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अनिल गोयल सहित डीएमए के सभी पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी और विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने चिकित्सा क्षेत्र की नई तकनीकों, उपचार पद्धतियों और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा की। डीएमए अध्यक्ष डॉ. नीलम लेखी ने कहा कि डॉक्टर्स डे सेलिब्रेशन सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं था बल्कि यह मेडिकल जगत के ज्ञान, समर्पण, संवेदना, उत्कृष्टता और निस्वार्थ सेवा का जश्न था।