संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों ने राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान में आयोजित परपल फेस्ट में भाग लिया। इस कार्यक्रम में देशभर से आए दिव्यांगजन और छात्र विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। पहली बार दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों के छात्रों को भी इसमें भाग लेने का अवसर मिला। आयोजन में एमसीडी के कुल 11 दिव्यांग छात्रों ने हिस्सा लिया। इनमें से दो छात्रों ने मंच पर नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों की सराहना प्राप्त की, जबकि नौ छात्रों ने फैंसी ड्रेस में भाग लिया। छात्रों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने काफी सराहा। कार्यक्रम में छात्रों ने राष्ट्रपति भवन के प्रसिद्ध अमृत उद्यान का भ्रमण भी किया और वहां की सुंदरता का आनंद लिया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट और निगम विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास डागर के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षक भी मौजूद रहे। एमसीडी अधिकारियों ने कहा कि निगम अपने विद्यालयों में समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। छात्रों को इस प्रकार के कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर देकर उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे आगे चलकर समाज में अपनी अलग पहचान बना सकें।