-मयूर विहार, शशि गार्डन और कोटला गांव के रिहायशी इलाकों में जलभराव से आवाजाही प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। मयूर विहार, शशि गार्डन और कोटला गांव से गुजरने वाला मुख्य नाला कचरे से पटा हुआ है। नियमित सफाई नहीं होने से पानी की निकासी बाधित हो रही है। इससे गंदा पानी आसपास की सोसाइटियों और रिहायशी परिसरों में जमा हो रहा है। लोगों को घरों तक आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, नाले की सफाई एक से दो महीने में महज एक-दो बार ही होती है। नाले में लगातार जमा होने वाले कचरे को देखते हुए यह सफाई पर्याप्त नहीं है। नियमित रखरखाव के अभाव में प्लास्टिक की थैलियां, पैकेट और अन्य कचरा पानी का बहाव रोक रहे हैं। लोगों का आरोप है कि जल बोर्ड की ओर से समस्या के समाधान पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गंदा पानी सोसाइटियों के अंदर और घरों के सामने जमा होने से दुर्गंध फैल रही है। सड़कों पर फिसलन होने से निवासियों को खासी दिक्कतें होती हैं। निवासियों का कहना है कि नाले से कचरा हटाने के साथ नियमित सफाई की व्यवस्था भी जरूरी है, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
वर्जन:-
नाले की सफाई और जलभराव की समस्या को लेकर प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
- पॉकेट-5 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष महेंद्र