- लोधी रोड, भीष्म पितामह मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग पर बढ़ा वाहनों का दबाव
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम में शुक्रवार को पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के चलते दक्षिण और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा। शाम के समय स्टेडियम में दर्शकों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया। लोधी रोड और आसपास के इलाकों में लोगों को कुछ समय तक धीमी रफ्तार से सफर करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस ने कॉन्सर्ट को देखते हुए दोपहर एक बजे से रात 12 बजे तक आठ स्थानों पर डायवर्जन की व्यवस्था की थी। लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, भीष्म पितामह मार्ग और बारापुला फ्लाईओवर पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया था। इसके अलावा, स्टेडियम के आसपास की अन्य सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने लोगों को इन रास्तों से गुजरने से पहले यातायात संबंधी जानकारी लेने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी थी। साथ ही, कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों से मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की गई थी। हालांकि, शाम के समय स्टेडियम के आसपास निजी वाहनों की आवाजाही भी देखने को मिली।