संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। भारत सरकार के नीति आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने तथा आकांक्षी ब्लॉक हथीन में डेटा आधारित सुशासन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नीति तारा (एनआईटीआई तारा) प्रशिक्षण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने की। उन्होंने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम का मूल उद्देश्य विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता तथा समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करना है। नीति तारा अर्थात् विश्लेषण, समीक्षा एवं कार्यवाही हेतु टूलकिट, एक डेटा आधारित डिजिटल प्रणाली है, जिसके माध्यम से आकांक्षी ब्लॉकों में विकास योजनाओं की प्रगति की निगरानी, समीक्षा तथा प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं आंकड़ों पर आधारित कार्यप्रणाली अपनाकर विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और बेहतर निगरानी संभव होगी। इससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा तथा प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।