अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्विविद्यालय (डीटीयू) से छात्र अब भूस्थानिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी में भी पढ़ाई कर सकेंगे। छात्र रिमोट सेंसिंग, भौगोलिक सूचना प्रणाली, ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम, सर्वेक्षण, थ्रीडी मॉडलिंग सहित कई दूसरे विषयों को जान सकेंगे। विश्वविद्यालय कौशल और उद्योग की मांग के अनुसार भी कई शैक्षणिक कार्यक्रमों का शुभारंभ करने जा रहा है। साथ ही डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की भी नई पहल की गई है। छात्रों को आत्मनिर्भर और रोजगार सुनिश्चित करने के लिए स्टार्टअप और कॉर्पोरेट संस्थाओं के साथ साझेदारी की जा रही है। विश्वविद्यालय के एक अधिकारी के अनुसार जल्द ही मौजूदा और कई दूसरी योजनाओं को लेकर घोषणा की जाएगी।