अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। घने कोहरे का असर रेल यातायात पर पड़ने लगा है। कम दृश्यता के कारण ट्रेन संचालन प्रभावित है। इसके चलते दिल्ली आने वाली एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। उत्तर रेलवे के अनुसार, घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम है, इससे ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित करनी पड़ रही है। रेलवे लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लो विजिबिलिटी के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। ट्रेनों के चालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सिग्नलिंग व्यवस्था पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। रेलवे प्रशासन का कहना है कि जैसे ही मौसम में सुधार होगा, ट्रेन संचालन को सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।