नई दिल्ली। लोकनायक अस्पताल से जुड़े दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कथित अनियमितताओं के आरोपों की जांच कराने की मांग को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल को एक शिकायत भेजी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित अधिकारियों के कार्यकाल के दौरान विभिन्न सरकारी अस्पतालों में खरीद प्रक्रिया, टेंडर और अन्य प्रशासनिक मामलों में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। शिकायतकर्ता ने इन आरोपों की विस्तृत जांच कराने और संबंधित मामलों को दोबारा खोलने की मांग की है। हाल में सामने आए कुछ मामलों और पूर्व में दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच कराई जाए। हालांकि जांच की मांग पुराने मामलों को लेकर की गई है। वहीं अस्पताल से जुड़े एक अधिकारी ने आरोपों को गलत और फर्जी बताया। ब्यूरो