अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने सोशल मीडिया पर देसी पिस्तौल लहराते हुए तस्वीरें और वीडियो डालने के आरोप में 24 वर्षीय बाहरी दिल्ली के रनहोला गांव निवासी अनुज को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्थानीय लोगों में डर पैदा करने की कोशिश कर रहा था। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया खातों की निगरानी के लिए विशेष टीमें तैनात की हुई हैं। ये टीमें ऑनलाइन मंचों पर हथियारों का प्रदर्शन करने और धमकी भरी सामग्री पोस्ट करने वाले लोगों की पहचान करती हैं। निगरानी के दौरान स्पेशल स्टाफ प्रभारी रोहित की टीम ने आरोपी की पहचान अनुज के रूप में की। वह नियमित रूप से देसी पिस्तौल लहराते हुए अपनी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने रनहोला गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।