दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान गिरने से सुबह के समय एक बार फिर से ठंड का अहसास हुआ। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री था जो शनिवार को गिर कर 6.2 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा।
सबसे ठंडी सुबह मुंगेशपुर में रही, यहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज हुआ। रिज में 5.6, लोदी रोड में 5.8 डिग्री व आयानगर में 6.4 डिग्री दर्ज हुआ। एनसीआर में गुरुग्राम में 6.8, नोएडा में 7.5 व गाजियाबाद में 9.1 डिग्री तापमान रहा। दिल्ली के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर भी दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अगले पांच दिन न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। हरियाणा, दिल्ली व चंडीगढ़ में 23 जनवरी से बारिश की संभावना है। जबकि 24 जनवरी को बारिश के साथ ओले पड़ने की संभावना जताई गई है। 25 व 26 जनवरी को भी बूंदाबांदी का पूर्वानुमान है।