दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों ठंड का कहर अपने चरम पर है। गुरुवार को 2.2 डिग्री न्यूनतम तापमान के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए आज दिल्ली में 1.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया जो सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। शुक्रवार की सुबह दिल्ली के आयानगर का तापमान 1.8 डिग्री दर्ज किया गया। इस तरह लगातार तीसरे दिन दिल्ली की सुबह कई पहाड़ी राज्यों से भी ठंडी रही।
पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण दिल्ली में जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। चार केंद्रों सफदरजंग, आयानगर, रिज व लोदी रोड में शीत लहर का प्रकोप है। यही नहीं गुरुग्राम का भी तापमान आज तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अभी सात जनवरी तक शीतलहर का अनुमान जताया है। उसके बाद न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। अधिकतम तापमान 18-20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
गुरुवार को लुढ़का पारा
गिरते पारे के साथ समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में जकड़ा हुआ है। राजधानी दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में कड़के की ठंड जारी है। आज भी दिल्ली की सुबह बेहद सर्द है। गुरुवार को पारा लुढ़क कर तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से दिल्ली कई पहाड़ी क्षेत्रों से भी अधिक सर्द रही। हालांकि कल से राहत की उम्मीद है। दिल्ली में भीषण सर्दी और कोहरे के बीच लोग खुद को गर्म रखने के लिए आग का सहारा ले रहे हैं।
कल से उत्तर-पश्चिम भारत में सुधरेंगे हालात
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते सात जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत से हालात सुधरने शुरू होंगे। पहाड़ों से आती बर्फीली हवाओं ने मैदानी क्षेत्र में लोगों को घर में दुबकने को मजबूर कर दिया।
कोहरे से 14 ट्रेनें प्रभावित
रेलवे प्रवक्ता के मुताबिक कम से कम 12 ट्रेनें डेढ़ से छह घंटे तक देरी से नई दिल्ली पहुंचीं और दो का परिचालन समय बदलना पड़ा। दिल्ली हवाई अड्डे ने भी कोहरे के कारण कम दृश्यता का अलर्ट जारी किया।