दिल्ली में जल संकट को लेकर भूख हड़ताल कर रहीं जल मंत्री आतिशी की 24-25 जून की दरम्यानी रात तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजय सिंह और अन्य पार्टी नेता-कार्यकर्ता आतिशी को देर रात लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल (एलएनजेपी) के डॉक्टरों के पास लेकर पहुंचे। आतिशी का हेल्थ बुलेटिन सामने आ गया है।
डॉक्टरों ने कहा कि आतिशी को मंगलवार तड़के 3ः48 बजे इमरजेंसी में लाया गया। जांच के दौरान ब्लड शुगर बहुत कम पाया गया। इसे देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया है। जब आतिशी अस्पताल में भर्ती हुई थीं, तब उनका ब्लड शुगर 44 था। यूरीन में कीटोन थे। उनके ईसीजी में भी बदलाव पाए गए हैं, इसलिए उनको आईसीयू में रखना पड़ा। सोमवार शाम को भी एलएनजेपी के डॉक्टरों की टीम ने अनशन स्थल पर जाकर उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया था। उस समय भी उनका ब्लड शुगर लेवल काफी कम था और उनको अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी थी लेकिन उन्होंने हमें लिखित में कहा कि वे अस्पताल में भर्ती नहीं होना चाहती हैं। इसके बाद ब्रेन से उनका ब्लड सैंपल लिया था, जिसकी रिपोर्ट रात 10 बजे आई।
डॉक्टरों ने कहा कि रिपोर्ट देखने के बाद हमने उनसे कहा था कि ब्लड शुगर का लेवल बहुत खतरनाक स्तर पर नीचे पहुंच गया है। यह खतरनाक हो सकता है। आईसीयू में भर्ती होने के बाद उनके सारे पैरामीटर्स ठीक हैं। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी देखरेख कर रही है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। वे फल ले रही हैं। अभी कुछ और ब्लड टेस्ट किए जाएंगे। अब खतरे की कोई बात नहीं है, लेकिन ब्लड शुगर बहुत कम है, जो गिरकर 36 तक आ गया है। यह बहुत ही गंभीर हाइपो ग्लाइसिमिया के लक्षण हैं। उनका सोडियम लेवल भी काफी कम हो गया था। उनका सोडियम 127 था। जब शुगर लेवल बहुत कम हो जाता है, तो उसका असर ब्रेन पर होता है और मरीज हाइपो ग्लाइसिमिया में चला जाता है।
अनशन पर लगा विराम
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि अब अनशन की लड़ाई को विराम दिया जा रहा है। सारी विपक्षी पार्टियों को लामबंद करके संसद के अंदर पानी की आवाज को बुलंद करेंगे। दिल्ली में पानी की उपलब्धता होगी। मौसम भी ठीक हुआ है। पानी की मात्रा भी बढ़ी है। 10 एमजीडी पानी बढ़ा है। स्थिति बेहतर होंगी। अब 90 एमजीडी पानी रोजाना कम आ रहा है।
दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'रात से ही उनका(अतिशी) ब्लड शुगर लेवल गिर रहा था। जब हमने उनका ब्लड सैंपल दिया तो शुगर लेवल 46 निकला था। जब हमने पोर्टेबल मशीन से उनका शुगर लेवल चेक किया तो लेवल 36 निकला। डॉक्टर जांच कर रहे हैं और उसके बाद ही वे कोई सुझाव देंगे।'
आप सांसद संजय सिंह ने कहा, 'उनका ब्लड शुगर लेवल 43 तक तक पहुंच गया है। उनकी तबीयत बिगड़ गई है। डॉक्टरों ने कहा कि अगर उन्हें अस्तपाल में भर्ती नहीं कराया गया तो हालत और बिगड़ सकती है। आतिशी ने पिछले पांच दिनों से कुछ भी नहीं खाया है। उनका शुगर लेवल गिर गया है, कीटोन बढ़ रहा है और ब्लड प्रेशर कम हो रहा है। वह अपने लिए नहीं लड़ रही हैं, वह दिल्ली के लोगों के लिए, पानी के लिए लड़ रही हैं।'
आतिशी का वजन 2.2 किलो घटा
आतिशी का चार दिन बाद 2.2 किलो वजन कम हो गया। डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है। सोमवार को लोकनायक अस्पताल के डॉक्टरों ने आतिशी के स्वास्थ्य की जांच की। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि मंत्री का वजन कम हो रहा है। उनकी स्थिति खराब है और उन्हें अस्पताल में भर्ती होना चाहिए लेकिन मंत्री ने अनशन खत्म करने से मना कर दिया था।
मालूम हो कि 21 जून से जल मंत्री आतिशी दिल्लीवालों को हरियाणा से उनके हक का पानी दिलवाने के लिए अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठी हैं। डॉक्टरों ने बताया कि 21 जून को अनशन पर बैठने से पहले उनका वजन 65.8 किलो था। अनशन के चौथे दिन घटकर 63.6 किलो पर पहुंच गया है। चार दिन में ब्लड शुगर लेवल में 28 यूनिट की गिरावट आई है। उनका ब्लड प्रेशर लेवल भी कम हुआ है। डॉक्टरों ने इसे खतरनाक बताया है। इसके अलावा मंत्री का यूरिन कीटोन स्तर बढ़ रहा है।