दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से बाहर हुए लाखों लोगों के पास अपना नाम दोबारा दर्ज कराने के लिए अब केवल तीन दिन बचे हैं। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने 25 नवंबर तक फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल कराने का अवसर दिया है।
ऐसे में जिन मतदाताओं के नाम 31 अगस्त को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में नहीं आए थे, उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन करना होगा। इसके बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों के आधार पर मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। दरअसल, दिल्ली में एसआईआर से पहले मतदाता सूची में करीब 1.45 करोड़ मतदाता दर्ज थे।
पुनरीक्षण के बाद 31 अगस्त को प्रकाशित मसौदा सूची में लगभग 97.5 लाख मतदाताओं के नाम शामिल किए गए। इस तरह करीब 47.56 लाख नाम मसौदा सूची से बाहर हो गए। इनमें अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत और दोहरे पंजीकरण वाले मतदाताओं को एएसडीडी श्रेणी में रखा गया था। हालांकि, मसौदा सूची से नाम बाहर होने का अर्थ यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति का मतदान का अधिकार समाप्त हो गया है। पात्र मतदाता निर्धारित प्रक्रिया से अपना नाम दोबारा शामिल करा सकते हैं।
जिन मतदाताओं के नाम मसौदा सूची में नहीं हैं, वे फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने का दावा कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in, ECINET एप अथवा संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी और बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। पहले से मतदाता पहचान पत्र होने के बावजूद मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है।
22 दिसंबर को प्रकाशित होगी अंतिम सूची : निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, 25 नवंबर तक दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। इनके निस्तारण की अंतिम तारीख 15 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद 22 दिसंबर को दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
एक अप्तूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, एएसडीडी श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं को अपने वर्तमान सामान्य निवास क्षेत्र के अधिकारियों के पास दोबारा गणना प्रपत्र जमा कराने का अवसर भी दिया गया है। इस प्रक्रिया के लिए 30 नवंबर तक की समयसीमा निर्धारित है।