राजधानी में नालों की सफाई में बड़ा भ्रष्टाचार किया गया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के दो डिवीजनों दक्षिण-पश्चिम रोड-1 और दक्षिण-पश्चिम रोड-2 में वर्ष 2021-22 से 2024-25 के दौरान गाद निकालने के काम में अनियमितता बरती गई है।
इसमें 80 करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा किया गया है। इस संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एसीबी फिलहाल पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली सरकार के सतर्कता निदेशालय से एक शिकायत मिली थी, इसमें बताया गया पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने विभिन्न कार्यों में बिलों को बढ़ाने के लिए नालों की वास्तविक लंबाई में हेरफेर किया, जिससे ठेकेदार को फायदा हुआ।
फर्जी प्रमाण-पत्रों के माध्यम से ठेकेदार को गैर-मौजूद कार्यों के लिए धोखाधड़ी से रुपये दिए गए। पीडब्ल्यूडी की ओर से जारी दो अलग-अलग निविदाओं में एक ही क्षेत्र की गाद निकालने को शामिल करके कार्यों को ओवरलैप किया गया, जिसके कारण एक ही काम के लिए ठेकेदार को दो बार भुगतान किया गया। साथ ही निविदाओं में हेरफेर कर अधिकारियों ने एक ही ठेकेदार को बढ़ी दरों पर कई टेंडर दिए थे।
एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि बीते चार साल में 78.40 करोड़ रुपये के फर्जी भुगतान एक ही ठेकेदार को किए गए हैं। फिलहाल इस मामले में एसीबी के संबंधित अधिकारियों से पूछताछ करने के लिए टीम का गठन किया है।