दिल्ली के वसंत विहार, हौजखास और संगम विहार में तीन नाबालिगों के साथ दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं। तीनों ही घटनाओं में दरिंदे जानकार हैं। वसंत विहार पुलिस व हौजखास पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। संगम विहार पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। हौजखास में नाबालिग की आबरू लूटने वाला सगा फूफा है।
शौच करने गई थी नाबालिग
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि पीड़ित बच्ची अपने परिवार के साथ कुसुमपुर पहाड़ी इलाके में रहती है। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर इलाके के रहने वाले बच्ची के पिता पेशे से दिल्ली में इलेक्ट्रीशियन हैं, लेकिन वर्तमान में वह बेरोजगार है। पुलिस को दिए बयान में नाबालिग ने बताया कि वह 22 सितंबर को शौच करने के लिए गई थी। जहां आरोपी 19 वर्षीय हरेंद्र ने उसे जबरन पकड़ लिया। आरोपी हरेन्द्र वहां बनी एक खाली झुग्गी में उसे जबरन ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। पीड़िता का शोर सुनकर वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे बचाया और उसके परिजनों को सूचना दी। वसंत विहार थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्जकर आरोपी कुसुमपुर पहाड़ी हरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
फूफा ही बना हैवान
हौजखास में सगा फूफा ही बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहा था। आरोपी कई महीनों से दुष्कर्म कर रहा था। आरोप है कि बच्ची ने ये बात अपने परिजनों को बताई। मगर परिजनों ने इस बात पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसके बाद बच्ची ने ये बात अपने ट्यूटर को बताई। इसके बाद ट्यूटर ने इसकी शिकायत पुलिस में की। हौजखास पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी फूफा दीपक नेगी को देवली खानपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पड़ोसी पर आरोप
संगम विहार में 15 वर्ष की नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि आरोपी बिहार निवासी मुकेश (25 ) एक ठेकेदार की देखरेख में पीड़िता के घर के पास प्लम्बर का काम करता था। संगम विहार थाने में मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के कई टीमें बनाई गई हैं।