उत्तर पूर्वी लोकसभा सीट के यमुना खादर में शनिवार को दिल्ली की पहली चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया गठबंधन पर प्रहार किया। प्रधानमंत्री ने गठबंधन पर सवाल उठाया कि दिल्ली व हरियाणा में दोस्ती और पंजाब में कुश्ती इनका यह ढोंग कब तक चलेगा। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को मौका परस्त बताते हुए पीएम ने कहा कि गठबंधन हिंसा भी फैला सकता है, दंगा भी करा सकता है। इन लोगों ने दिल्ली वालों के हित को भी दांव लगा दिया है।
चुनाव देश को टॉप-3 अर्थव्यवस्था बनाने के लिए
प्रधानमंत्री के कहा कि 2024 का चुनाव देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए है। अर्थव्यवस्था को उन ताकतों से बचाने के लिए है, जो अपनी आर्थिक नीतियों से भारत को दिवालिया कर देना चाहती हैं। गरीब और मध्य वर्ग के जीवन को आसान बनाने व उनके जीवन में खुशियां लाने के लिए है। गरीब और मध्य वर्ग को उन ताकतों से बचाने के लिए है, जो उनकी संपत्ति छीन लेना चाहते हैं। भारत के युवाओं के लिए नए अवसर बनाने के लिए है।
दिल्ली में बिजली बिल आएगा जीरो
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभ से मोदी ने लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य एक करोड़ घरों को रोशन करने के लिए हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान करना है। इस योजना से 300 यूनिट तक का बिजली बिल जीरो होगा। इस योजना का उद्देश्य छत पर सौर पैनल स्थापित कर और सौर ऊर्जा का उपयोग कर घर की बिजली लागत को कम करना है। इसका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। अतिरिक्त बिजली को सरकार खरीदेगी इससे कमाई भी होगी। ई-व्हीकल की चार्जिंग भी मुफ्त में हो जाएगी। पेट्रोल-डीजल का जमाना खत्म हो गया है। ईवी का जमाना आ गया है। खुद का बिजली, सोलर प्लांट और चार्जिंग भी इस योजना से संभव होगा।