आशा किरण शेल्टर होम को लेकर बैकफुट पर आम आदमी पार्टी।
- फोटो : अमर उजाला
रोहिणी सेक्टर-एक स्थित आशा किरण होम में जुलाई माह में हुई 14 मौतों में से पांच की पोस्टमार्टम रिपोर्ट उत्तर पश्चिम जिला प्रशासन को मिल गई है, लेकिन इस रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता नहीं लग पाया है।
रोहिणी के एसडीएम मनीष चंद्र वर्मा ने बताया कि अभी नौ अन्य मृतकों की भी पीएम रिपोर्ट आनी बाकी है। इसके साथ ही अभी फॉरेंसिक रिपोर्ट किसी की भी नहीं मिली है। ऐसे में मौत की वजह फॉरेंसिक रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगी। वहीं अभी खाद्य पदार्थाें की जांच की रिपोर्ट भी नहीं मिल सकी है। एसडीएम का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के साथ ही फॉरेंसिक पीएम रिपोर्ट जांचने पर मौत की वजह पता चलेगी। खाद्य पदार्थाें की जांच की रिपोर्ट बुधवार को मिलने की संभावना है।
दूसरी तरफ मंगलवार को दिल्ली सरकार के समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की एक टीम ने आशा किरण होम का दौरा किया है। टीम वहां पर करीब दो से तीन घंटे रही। बताया जा रहा है कि टीम ने वहां रह रहे लोगों से बातचीत करने के साथ ही स्टाफ से भी पूछताछ की। उल्लेखनीय है कि जुलाई में आशा किरण होम में रहने वाले 14 लोगों की मौत इलाज के दौरान रोहिणी के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में हुई थी, वहीं शवों का पोस्टमार्टम हुआ था। मरने वाले 14 लोगों में एक किशोर, आठ महिलाएं और पांच पुरुष थे।