स्पेशल सेल के विशेष आयुक्त एचजीएस धालीवाल ने बताया कि पिछले काफी समय से उनकी टीम मादक पदार्थ का धंधा करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चला रही है। भारत में नार्को टेरर को बढ़ावा देने के लिए पड़ोसी देश लगातर मध्य एशिया के देशों से भारत में मादक पदार्थ भेज रहा है। इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए उनकी टीम ने वर्ष 2021 में अफगानिस्तान से भेजी गई 57.2 और 354 किलो हेरोइन बरामद की थी। इसी माह स्पेशल सेल की टीम ने एक और अफगानी नेटवर्क का खुलासा कर तीन सितंबर को रहीमुल्लाह और मुस्तफा नामक दो अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और हेरोइन बरामद हुई थी। पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। उनसे पूछताछ के बाद टीम को पता चला कि मुंबई के जेएनपीटी बंदरगाह पर पर एक कंटेनर में भारी मात्रा में हेरोइन को छिपाया गया है। कंटेनर में 20 हजार किलोग्राम मुलेठी है। इसके बैगों में मौजूद मुलेठी जड़ों के बीच हेरोइन को छिपाया गया है। फौरन एक टीम का गठन किया गया।
16 सितंबर को एक टीम को कंटेनर की तलाशी का वारंट लेकर मुंबई पोर्ट भेज दिया गया। टीम वहां पहुंची और कंटेनर की तलाशी शुरू की। शुरुआत में पुलिस की टीम को वहां कुछ नहीं मिला। रातभर कंटेनर की तलाशी ली गई। मुलेठी की जड़ों की गंभीरता से जांच करने पर कुछ जड़ों का रंग गहरा था। उनको 20 हजार किलोग्राम मुलेठी से एक-एक कर अलग किया गया। उसमें से कुल 345 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुए। टीम कंटेनर को दिल्ली लाने की अनुमति लेकर दिल्ली ले आई। छानबीन के दौरान के पुलिस को पता चला कि भारतीय सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए विदेशों से आने वाली हेरोइन को सिलिका जैल, टेलकम पाउडर, जिप्सम पाउडर, तुलसी के बीज और दूसरे सामान के बीच छिपाकर भेजा जा रहा है। इनको कंटेनर में देश के अलग-अलग बंदरगाहों पर भेजा जा रहा है।
नार्को टेरर के लिए पाकिस्तान से भारत आई हेरोइन...
स्पेशल सेल के अधिकारियों का कहना है कि भारत में नार्को टेरर को बढ़ावा देने के लिए हेरोइन को पाकिस्तान से भारत भेजा गया था। जिस कंपनी के जरिये हेरोइन को भेजा गया। वह अफगानिस्तान मूल की है। उसका मालिक पाकिस्तान में है। हेरोइन को अफगानिस्तान से पाकिस्तान मंगाया गया। बाद में इसे दुबई भेजा गया। दुबई से इसको मुलेठी की जड़ों के साथ छिपाकर कंटेनर में भारत भेज दिया गया। पुलिस मुस्तफा और रहीमुल्लाह से लगातार पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।