डिवीजनल कमिश्नर मुख्यालय का निजी सचिव और चालक बताकर रौब झाड़ रहे तीन जालसाजों को डोमेस्टिक एयरपोर्ट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने एक स्कॉर्पियो कार बरामद की है, जिसपर ब्लिंकर लाइट और सायरन लगा हुआ था। पुलिस ने इनके कब्जे से फर्जी पहचान पत्र भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ फर्जीवाड़ा का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इनसे पूछताछ कर जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोज्जम अली खान अफरीदी, सज्जन कुमार और मनीष वशिष्ठ के रूप में हुई है। मोज्जम अली खान खुद को डिवीजनल कमिश्नर मुख्यालय का निजी सचिव, जबकि अन्य दो डिवीजनल कमिश्नर के कार का चालक बताया था।
एयरपोर्ट पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि 28 अगस्त की दोपहर करीब 2.30 बजे पुलिस ने डोमेस्टिक हवाई अड्डे पर एक स्कॉर्पियो कार देखा। कार के आगे और पीछे के शीशे पर पुलिस लिखा हुआ था। साथ ही कार पर बीकन और ब्लिंकर लाइट और सायरन लगा हुआ था। कार को पुलिस वाहन की तरह दिखने के लिए उसमें बदलाव किया गया था। शक होने पर पुलिस ने कार में सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान मोज्जम अली खान अफरीदी ने खुद को डिवीजनल कमिश्नर मुख्यालय का निजी सचिव बताया। वहीं अन्य दोनों ने उनका गाड़ी का चालक बताया। उनलोगों ने डिविजनल कमिश्नर के कार्यालय से जारी पहचान पत्र दिखाया। जो जांच में फर्जी पाया गया। उसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि सभी आरोपी किसी शख्स को एयरपोर्ट से लाने गए थे।