सब्जी मंडी थाना पुलिस ने सेंधमारी करने वाले एक ऐसे गैंग का खुलासा किया है, जिसका एक साथी कार में पुलिस की वर्दी पहनकर इनके साथ चलता था। ताकि मौके पर पकड़े जाने पर अपने साथियों को लोगों से बचाकर ले जा सकें। पुलिस ने गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दिल्ली पुलिस की वर्दी, सायरन और बीकन लाइट लगी एक ब्रीजा कार भी बरामद की गई है। बदमाशों पर दिल्ली के अलावा यूपी और राजस्थान में सौ से अधिक चोरी और सेंधमारी के मामले दर्ज है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 7 मई को सब्जी मंडी की पंजाबी बस्ती में एक घर का ताला तोड़कर तीन लाख रुपये की चोरी की शिकायत मिली। थाना प्रभारी राममनोहर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में पुलिस ने एक स्कूटी पर दो संदिग्धों को जाते देखा। स्कूटी की जांच करने पर पता चला कि बदमाशों ने इसे शाहदरा से चुराई थी।
वहीं, एक अन्य फुटेज में पुलिस ने एक बदमाश को ब्रीजा कार पर देखा, जो स्कूटी के साथ-साथ चल रहा था। कार मंडोली के एक पते पर जाहिद के नाम पर रजिस्टर थी। छानबीन में पता चला कि मालिक इस पते पर नहीं रहता है। जांच में जाहिद पर आपराधिक मामले दर्ज होने का पता चला। पुलिस ने जाहिद की तलाश कर उसे नरेला से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घोघा गांव से उसके साथी आजाद को गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से पुलिस ने सेंधमारी के लिए इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण, घड़ियां और पुलिस की वर्दी बरामद कर ली। पूछताछ में पता चला कि इनका तीसरा साथी अभिषेक है, जिसे यूपी पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है। सब्जी मंडी पुलिस ने जेल से अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके कब्जे से पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदी बाइक बरामद कर ली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों बदमाश मूलत: यूपी के हापुड़ के रहने वाले हैं। जाहिद पर पांच, वहीं आजाद पर 71 और अभिषेक पर 13 मामले दर्ज हैं। इनके पकड़े जाने से पुलिस ने चोरी और सेंधमारी के 12 मामले सुलझाने का दावा किया है।