गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के दो मुख्य आरोपियों की तलाश तेज हो गई है। लुकआउट सर्कुलर जारी होने के बाद पुलिस की एक टीम आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा की तलाश में उसके घर जीटीबी नगर पहुंची।
जीटीबी नगर स्थित 'बर्च बाय रोमियो लेन' रेस्टोरेंट के मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के ठिकानों पर दिल्ली पुलिस ने सोमवार को दस्तक दी। जो कथित तौर पर एक घटना के बाद से फरार हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।
पुलिस की प्राथमिक जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। आग रात लगभग 12 बजे के करीब लगी थी, लेकिन सुबह 5:30 बजे ही दोनों आरोपी मुंबई एयरपोर्ट से फुकेट (थाईलैंड) के लिए उड़ान ले चुके थे। पुलिस का कहना है कि यह स्पष्ट रूप से जांच से बचने की नीयत को दर्शाता है। FIR दर्ज होते ही गोवा पुलिस की एक टीम दिल्ली भेजी गई थी। आरोपियों के घर पर रेड की गई, जहां वे नहीं मिले। घर पर नोटिस चिपकाकर पुलिस ने स्थानीय स्तर पर भी खोज शुरू कर दी।
इसके बाद जब यह पुष्टि हुई कि दोनों देश से बाहर निकल चुके हैं, तो गोवा पुलिस ने तुरंत मुंबई इमिग्रेशन ब्यूरो से समन्वय किया और फिर सीबीआई के इंटरपोल डिवीजन की मदद से रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
तीसरे आरोपी भारत कोहली को दिल्ली से हिरासत में लेकर गोवा पुलिस अपने साथ ले आई है। उससे लंबी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ से भागे हुए आरोपियों की भूमिका और आग से पहले की घटनाओं को समझने में मदद मिल सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी 25 मृतकों का पोस्टमार्टम पूरा कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। गोवा पुलिस की कई टीमें सबूत जुटाने, गवाहों के बयान लेने और तकनीकी जांच पर लगातार काम कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार- “हादसा बेहद गंभीर है, इसलिए बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है।
इस हादसे के बाद सरकार हरकत में आ गई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने गोवा के सभी नाइटक्लब, बार, रेस्तरां, इवेंट वेन्यू और ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को सात दिनों के भीतर आंतरिक सुरक्षा ऑडिट करने का आदेश दिया है। यह रिपोर्ट जिला प्रशासन या फायर सर्विसेज कभी भी मांग सकती हैं।