इसके बाद बिना झिझके वह घर में दाखिल होकर सिर्फ कैश और जेवरात पर ही हाथ साफ करता है। पुलिस ने आरोपी के पास से लाखों के जेवरात, छह लाख कैश, उसकी खुद की किया सेल्टोस कार व अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी की गिरफ्तारी से न्यू अशोक नगर में चोरी के सात मामले सुलझे हैं।
इनसे पूर्व सिद्धार्थ इसी तरह के 26 मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस आठ-नौ बार पहले भी उसे गिरफ्तार कर चुकी है। खुद सिद्धार्थ पढ़े-लिखे परिवार से संबंध रखता है। उसके पिता एक राष्ट्रीय बैंक से मैनेजर के पद से सेवानिवृत हुए हैं जबकि उसने खुद एनिमेशन में डिप्लोमा किया हुआ है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अमरुथा गूगूलोथ ने बताया कि 14 मई को ईस्टर्न अपार्टमेंट, न्यू अशोक नगर निवासीप कारोबारी अश्वीन द्विवेदी ने घर में चोरी की शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी व बेटी के साथ किसी काम से दिल्ली से बाहर गए थे। घर पर उनकी दो नौकरानी अनुपमा और भावना मौजूद थीं। वह भी कुछ सामान खरीदने के लिए बाहर चली गईं। रात को वह वापस लौटी तो घर का ताला टूटा था। घर से लाखों के जेवरात के अलावा 12 लाख कैश गायब था। शिकायत पर न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी संजय नियोलिया व अन्यों की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की तो आरोपी 7.30 बजे अंदर जाता हुआ और 8.30 बजे वापस आता हुआ दिखाई दिया। फुटेज से आरोपी की पहचान सुपर चोर सिद्धार्थ मल्होत्रा के रूप में कर ली गई। वारदात के समय वह अपनी खुद की कार लेकर चोरी करने आया था। पुलिस ने उसकी लोकशन की जांच की। छानबीन के दौरान उसकी लोकेशन देहरादून, मसूरी की मिली। एक टीम को तुरंत मसूरी भेजा गया। वहां एक होटल से पुलिस ने आरोपी को शनिवार शाम दबोच लिया। उसके पास से चोरी किए गए जेवरात और छह लाख कैश बरामद हुआ। उससे पूछताछ के बाद चोरी के सात वारदातें सुलझी हैं।
ब्रांडेड कपड़े, जूते और मौज-मस्ती करने का है सिद्धार्थ को शौक...
गांव चौड़ा-रघुनाथपुर, सेक्टर-12/22 के रहने वाले सिद्धार्थ का हूलिया देखकर कोई भी उसे चोर नहीं बता सकता है। उसे महंगे और ब्रांडेड कपड़े-जूते पहनने का शौक है। हमेशा वह अपने पास महंगी कार भी रखता है। परिवार में इसके पिता के अलावा पत्नी और आठ साल की बेटी है। पति की हरकतों को देखकर पत्नी ने उससे अलग रहना शुरू कर दिया था। लेकिन बाद में दोनों ने फिर साथ रहना शुरू कर दिया। सिद्धार्थ की हरकतों को देखकर उसके परिवार ने उसे जायदाद और खुद से बेदखल किया हुआ है। इसकी वजह से पुलिस भी परिवार से ज्यादा पूछताछ नहीं करती है। सिद्धार्थ को पहाड़ों या टूरिस्ट प्लेस पर घूमने का शौक है। अक्सर चोरी करने के बाद वह पहाड़ों पर चला जाता है।
चोरी करते समय माथे पर नहीं रहती कोई शिकन
आमूमन कोई भी बदमाश जब वारदात को अंजाम देता है तो उसके चेहरे पर तनाव या डर दिखता है, लेकिन सिद्धार्थ के साथ ऐसा नहीं है। चोरी करने के दौरान वह बहुत सामान्य दिखता है। डर और तनाव उसके चेहरे पर नहीं दिखता। इसके निशाने पर न्यू अशोक नगर, वसंतकुंज, किशनगढ़ और मधु विहार की हाईप्रोफाइल सोसायटी रहती थीं। वारदात को अंजाम देने से पूर्व आरोपी वहां की रेकी करता था। इसकी प्राथमिकता ऊपरी मंजिल होती थी, क्योंकि वहा लोगों का आना-जाना बिल्कुल कम होता था। वारदात को अंजाम देने के लिए वह अपनी खुद की कार में आता था। अंदर घुसने के बाद वह घर के फ्रिज और रसोई में रखे सामान के अलावा कोल्डड्रिंक और पानी भी पी लेता था। पिछले कई सालों से वह लगातार चोरी कर रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।