कनाडा में बैठे व गैंगस्टर से खालिस्तानी आतंकी बने लखविंदर उर्फ लंडा की धमकी के बाद दिल्ली पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी है। पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब से लंडा के दो गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। दोनों पाकिस्तानी बॉर्डर से एके-47 व ग्रेनेड लेकर आए थे।
लंडा ने अक्तूबर महीने में सोशल मीडिया पोस्ट कर धमकी दी थी कि अगर दिल्ली पुलिस ने पंजाब में कदम रखा तो अंजाम ठीक नहीं होगा। दूसरी तरफ धमकी को देखते हुए स्पेशल सेल के विशेष पुलिस आयुक्त व सेल के दो डीसीपी समेत 12 पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा मुहैया कराई गई है। विशेष पुलिस आयुक्त एचजीएस धालीवाल, डीसीपी मनीषी चंद्रा व डीसीपी राजीव रंजन को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।
लखबीर सिंह ने अक्तूबर महीने में सोशल मीडिया पर पोस्ट लिख कर दावा किया है कि उसने इटली में गैंगस्टर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी का हत्या करवा दी है। हरप्रीत उर्फ हैप्पी इंडियन एजेंसी का वांटेड है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि हरप्रीत सिंह दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और रॉ के लिए मुखबिरी कर रहा था, इसलिए मैंने उसकी हत्या करवाई है।
इस धमकी के बावजूद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब के सुल्तानपुर लोदी से इसके दो गैंगस्टर सरनजीत व गुरवेश को गिरफ्तार किया था। इन दोनों को अमृतसर, पंजाब से पिछले महीने बरामद की गई एके-47 व ग्रेनेड मामले में गिरफ्तार किया गया है। इन हथियारों को ये दोनों पाकिस्तान बॉर्डर से पंजाब लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि इनके साथ गैंग से जुड़े तीन और बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था। इनको पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है।
पुलिस अफसरों के साथ 24 घंटे सुरक्षा रहेगी
लंडा की धमकी के बाद दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त एचजीएस धालीवाल समेत 12 पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा दी गई है। इन अफसरों के साथ सुरक्षाकर्मी आधुनिक हथियारों से लैस होकर 24 घंटे तैनात रहेंगे। विशेष पुलिस आयुक्त व दो डीसीपी को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इसके तहत तीन सुरक्षाकर्मी 24 घंटे साथ रहेंगे। अन्य पुलिस अफसरों के साथ एक सुरक्षाकर्मी रहेगा। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ही पंजाब गायब सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले को सुलझाया था। साथ ही लंडा के 24 से ज्यादा गुर्गों को गिरफ्तार कर उसके पूरे नेटवर्क को लगभग खत्म सा कर दिया है।
इन अफसरों को दी गई है सुरक्षा-
1. हर गोविंद सिंह धालीवाल - विशेष पुलिस आयुक्त
2. मनीषी चंद्रा - डीसीपी, स्पेशल सेल
3. राजीव रंजन - डीसीपी, स्पेशल सेल
4. राहुल विक्रम - एसीपी, स्पेशल सेल
5. हृदय भूषण - एसीपी, स्पेशल सेल
6.ललित मोहन नेगी -एसीपी, स्पेशल सेल
7.वेद प्रकाश - एसीपी-स्पेशल सेल
8. विक्रम दहिया - इंस्पेक्टर , स्पेशल सेल
9. सुनील कुमार - इंस्पेक्टर , स्पेशल सेल
10. रविंद्र जोशी- इंस्पेक्टर , स्पेशल सेल
11. विनोद कुमार- इंस्पेक्टर , स्पेशल सेल
12. निशांत दहिया - इंस्पेक्टर , स्पेशल सेल