दिल्ली पुलिस ने रविवार को आयोजित हुई नीट में दूसरे की जगह परीक्षा देते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों राजस्थान के रहने वाले हैं। इनकी पहचान जोधपुर निवासी अभिषेक, दौसा निवासी गजराज और बाड़मेर निवासी राकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार कर तीनों को सोमवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने इनको न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि दक्षिण जिला क्षेत्र में कुछ स्कूलों में पांच मई को नीट की परीक्षा आयोजित की गई थी। सर्वोदय (सह-शिक्षा) एमएमटीसी/एसटीसी, बेगमपुर, नई दिल्ली और माउंट कोलंबस स्कूल, दक्षिण पुरी, दिल्ली में दूसरों की जगह परीक्षा दे रहे आरोपियों के बारे में क्रमश: पीएस मालवीय नगर और अंबेडकर नगर में सूचनाएं प्राप्त हुईं थी। मालवीय नगर स्थित सर्वोदय (सह-शिक्षा) एमएमटीसी/एसटीसी, बेगमपुर में अभिषेक एक छात्र की जगह खुद परीक्षा दे रहा था। वहीं अंबेडकर नगर में गजराज सिंह व राकेश के बारे में अंबेडकर नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि वह दूसरों की जगह परीक्षा दे रहे हैं। दोनों थाना पुलिस ने परीक्षा सेंटर जाकर दोनों को पकड़ लिया।
आरोपी अभिषेक जयपुर में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र है। आरोपी गजराज सिंह ने 12वीं कक्षा पूरी कर ली है और पिछले दो वर्षों से सीकर, राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग ले रहा है। आरोपी राकेश ने 12वीं कक्षा पूरी कर ली है और पिछले दो वर्षों से कोटा, राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग ले रहा है।