दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कुख्यात काला जठेड़ी गैंग के सक्रिय शार्प शूटर अनिल धु्रव को गिरफ्तार किया है। आरोपी शूटर नेता जी सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी के आवास पर गोलीबारी की घटना में वांछित था। इसने व्यवसायी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर व्यवसायी के ऊपर फायरिंग की थी। आरोपी व्यक्ति के पास से दो अत्याधुनिक पिस्तौल, छह कारतूस और एक चोरी की स्कूटी बरामद की गई। आरोपी वर्ष 2020 में, जेल में काला जठेड़ी से मिला और उसके गिरोह में शामिल हो गया था।
स्पेशल सेल पुलिस उपायुक्त मनोज सी ने बताया कि पीतमपुरा निवासी व्यवसायी का घरेलू उपकरणों का व्यवसाय है। उनका बवाना औद्योगिक क्षेत्र में एक गोदाम है। वह एक अप्रैल को रात 8.20 बजे अपने घर के बाहर टहल रहे थे। तभी दो लड़के मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और खुद को काला जठेड़ी गिरोह से बताते हुए कहा कि वह उनका लगातार पीछा कर रहे हैं। अगर उन्होंने 50 लाख रुपये की रंगदारी नहीं दी तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। स्थानीय थाना पुलिस ने व्यवसायी की शिकायत पर मामला दर्जकर अभियुक्त ग्राम बरहाई, बहादुरगढ़, हरियाणा निवासी नीरज उर्फ नीम्बू पुत्र रोहताश और ग्राम मांदोहती, बहादुरगढ़, हरियाणा निवासी सन्नी पुत्र राजेश को अगले दिन ही गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपियों ने खुलासा किया कि दोनों काला जठेड़ी-अनिल छिप्पी गिरोह से संबंधित हैं और उसके निर्देशों पर वह जबरन वसूली के उद्देश्य से व्यवसायी के आवास के बाहर आए थे। इसके बाद 17 अप्रैल को रात 10 बजे दिल्ली के पीतमपुरा में व्यवसायी के आवास के बाहर स्कूटी पर आये तीन अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी थी।
सेल की टीम को जांच में लगाया गया
पुलिस उपायुक्त मनोज सी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सेल में तैनात इंस्पेक्टर संदीप डबास की टीम को बदमाशों को पकडऩे के लिए लगाया गया। इंस्पेक्टर संदीप डबास को 19 अप्रैल 24 को खास इनपुट मिले कि गोलीबारी की घटना में शामिल ग्राम मुखमेलपुर, दिल्ली निवासी एक सक्रिय शार्पशूटर आकाश धु्रव पुत्र महेंद्र सिंह अपने साथियों के साथ ग्राम मुखमेलपुर, दिल्ली की ओर जाने वाले नाले के पास सड़क पर आएगा। एसीपी संजय दत्त की देखरेख में इंस्पेक्टर संदीप डबास की टीम ने घेराबंदी कर आकाश धु्रव पुत्र महेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। ये वर्ष 2015 में अपने गांव के लड़के की हत्या में जेल गया था।