अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी-उत्तरी दिल्ली के प्रकाश विहार में हुई एक युवक की हत्या मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ा है। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि सोमवार तड़के 24 साल के रोशन शाह को मामूली कहासुनी के बाद चार नाबालिगों ने ने ईंटों से मारा और चाकू घोंपकर कर जख्मी कर दिया। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर शाहबाद डेरी थाने में मामला दर्ज किया गया था। उपायुक्त सक्सेना ने बताया कि पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के वक्त चारों किशोरों द्वारा पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है।