राजधानी के एक हजार 700 से अधिक निजी स्कूल नर्सरी में दाखिले के लिए 29 जनवरी को दूसरी सूची जारी करेंगे। पहली सूची में सीट न पाने वाले बच्चे और अभिभावक दूसरी सूची का इंतजार कर रहे है। दूसरी सूची से दाखिले के बाद अगर सीटें खाली बचती हैं, तो स्कूल फिर तीसरी सूची जारी कर सकते है। जोकि 21 फरवरी को जारी होगी।
साथ ही, आठ मार्च को दाखिला प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। पहली सूची में नाम आने के बाद भी बहुत से अभिभावक ऐसे थे, जो बच्चे का दाखिला कराने स्कूल नहीं पहुंचे थे। इन अभिभावकों के मुताबिक जिस स्कूल में उनके बच्चे का चयन हुआ है वो स्कूल उनकी पहली प्राथमिकता नहीं है, इसलिए वो अब दूसरी सूची का इंतजार कर रहे है। अभिभावकों को बच्चों के दाखिले की चिंता है।
उनका कहना है कि अगर दाखिला नहीं हुआ तो उनका साल खराब हो जाएगा। हालांकि, अभिभावकों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि बहुत सारे छात्रों का नाम पांच से छह स्कूलों में आया हैं, जबकि दाखिला एक ही स्कूल में होगा। इस कारण बहुत सारी सीटें अभी रिक्त हैं।
दिक्कत होने पर यहां शिकायत करें
दाखिले से जुड़ी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए जिला उप निदेशक की अध्यक्षता में निगरानी सेल का गठन किया गया है। इसकी जिम्मेदारी दाखिला सुनिश्चित कराने की है। अगर किसी अभिभावक को दाखिले के संबंध में कोई परेशानी है तो वह शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट www.edudel.nic.in पर शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली के तहत शिकायत कर सकेंगे।
फोन और एसएमएस के जरिये दी जाएगी चयन की सूचना
स्कूल फोन और एसएमएस के जरिये भी अभिभावकों को चयन की सूचना देंगे। स्कूलों में हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं, ताकि दाखिले के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़ा। नर्सरी डॉट कॉम पोर्टल चलाने वाले सुमित वोहरा ने कहा कि पहली सूची में नाम न आने से ज्यादा परेशान नहीं होना चाहिए। दूसरी सूची में ज्यादातर छात्रों के नाम आने की उम्मीद है। क्योंकि बहुत सारे छात्रों का नाम पांच से छह स्कूलों में आया हैं, जबकि दाखिला एक ही स्कूल में होगा।