प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 19.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीते दो दिनों से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास चल रहा है। शनिवार को दिल्ली के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स इलाके में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार से न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट दर्ज होनी शुरू होगी। तीन जनवरी तक तापमान चार डिग्री तक पहुंचने की संभावना है जो छह जनवरी तक जारी रहेगा।
मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन से चार दिन सुबह के समय दिल्ली, चंडीगढ़ व हरियाणा में घने से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। वहीं विभाग ने रविवार से छह जनवरी तक शीत लहर चलने व सर्द दिन रहने का यलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तर पश्चिम भारत में यह शीत लहर चलेगी, जिसका असर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश व दिल्ली में रहेगा। विभाग ने दिल्ली में रविवार को बादल छाने और सुबह घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री तक दर्ज होगा।