मंगलवार को सर्वाधिक गर्म इलाका स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का रहा। यहां अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों ही ज्यादा रहे। अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 34 डिग्री दर्ज हुआ। पीतमपुरा में तापमान 44.4 व न्यूनतम तापमान 33.7, नजफगढ़ में 44.1 व न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुंगेशपुर में 43.4, रिज में 42.9, आयानगर में 42.8, जाफरपुर में 42.6 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 41 व न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने की संभावना है। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे व 35-45 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने के आसार हैं। प्रादेशिक मौसम विभाग में उपमहानिदेशक डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 14 जून को तापमान अधिक रहने के बाद 15 जून से गिरावट शुरू होगी। ऐसा 15 व 16 जून व 18-19 जून को बारिश होने के कारण होगा।
इस दौरान तापमान 38-39 डिग्री के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री तक रहेगा। 18-19 जून को हल्की बारिश के साथ 30-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। अभी लू की स्थिति नहीं है। मानक केंद्र सफदरजंग में तापमान 44 डिग्री रहने पर ही लू की स्थिति घोषित की जाती है, लेकिन अभी यहां इतना तापमान नहीं गया है।