नई दिल्ली (संवाद)। फार्मा उद्योग को वैश्विक मंच देने के लिए सीपीएचआई इंडिया और पीएमईसी इंडिया 2026 का आयोजन 23 से 26 नवंबर तक दिल्ली-एनसीआर में होगा। इनफॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया ने बुधवार को इसकी घोषणा की। पहली बार दोनों प्रदर्शनियां अलग-अलग स्थानों पर लगेंगी। सीपीएचआई इंडिया 23 से 25 नवंबर तक द्वारका स्थित यशोभूमि और पीएमईसी इंडिया 24 से 26 नवंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होगी। आयोजकों के अनुसार, इस संस्करण में 120 से अधिक देशों के 50 हजार से ज्यादा फार्मा पेशेवर और 2 हजार से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। प्रदर्शनी में दवा निर्माण, कच्चे माल, पैकेजिंग, फार्मा मशीनरी, प्रयोगशाला उपकरण और अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।