केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार हुआ है। गुरुवार को दिल्ली का एक्यूआई 79 दर्ज हुआ था, जोकि शुक्रवार को 55 पर पहुंच गया। वहीं, एक दिन पहले एनसीआर के शहरों की हवा संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई थी, जबकि शुक्रवार को फरीदाबाद को छोड़कर सभी शहरों की हवा 50 से नीचे एक्यूआई के साथ साफ श्रेणी में दर्ज हुई है।
केंद्र की वायु मानक संस्था सफर के मुताबिक, शुक्रवार को 2.5 से बड़े कणों की पीएम 10 में 66 फीसदी हिस्सेदारी रही है। सफर का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक हवा की रफ्तार 12 से 16 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है। तीन दिनों तक हवा की सेहत साफ से लेकर संतोषजनक श्रेणी में रहने की संभावना है। हालांकि, 10 अक्तूबर से हवा की सेहत पर प्रभाव पड़ेगा व गुणवत्ता का स्तर औसत से लेकर खराब श्रेणी में दर्ज किया जा सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय हवा की रफ्तार पूर्वी की ओर बनी हुई है। अगले 24 घंटे में यह बदलकर उत्तर-पूर्वी व रविवार तक पूर्वी होने की संभावना है। बीते दिनों हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम की ओर बनी हुई थी। इस वजह से हवा अपने साथ प्रदूषक कणों को भी साथ ला रही थी। वहीं, दिल्ली-एनसीआर का अपना प्रदूषण भी हवा की सेहत को खराब कर रहा था।
हालांकि, मौसम का हाल बदलने व हवा की दिशा बदलने की वजह से हवा की गुणवत्ता पर प्रभाव पड़ा है। यही वजह है कि इन दिनों हवा की गुणवत्ता बेहतर दर्ज हो रही है। अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना को देखते हुए इसमें और सुधार की गुंजाइश है। भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान(आईआईटीएम) के मुताबिक, अगले 24 घंटे में मिक्सिंग हाइट 600 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स 4800 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रह सकता है। वहीं, रविवार तक मिक्सिंग हाइट का स्तर 600 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स का स्तर 4500 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड दर्ज किए जाने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआई
सात अक्तूबर छह अक्तूबर
दिल्ली- 55 79
फरीदाबाद- 52 65
गाजियाबाद- 44 69
ग्रेटर नोएडा- 49 50
गुरुग्राम- 41 73
नोएडा- 50 59