ख्याला इलाके में महज कंधा टकराने के बाद हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बीच बचाव करने वाले युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी अपने दोस्तों के साथ मौके से फरार हो गया। मृतक के दोस्त के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने वारदात में शामिल नाबालिग समेत दो आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस फरार मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
आजाद (24) परिवार के साथ रघुवीर नगर में रहता था और राजौरी गार्डन स्थित एक पार्लर में नेल आर्टिस्ट का काम करता था। शुक्रवार रात वह अपने दोस्त तुषार के साथ घर के पास गली में खड़ा था। इलाके का ही रहने वाला दीपक वहां से गुजरा तो उसका कंधा तुषार से टकरा गया। इस पर दोनों में कहासुनी के साथ हाथापाई शुरू हो गई। आजाद ने बीच बचाव कर दोनों को अलग किया। कुछ देर में बाइक से कुछ लड़के वहां पहुंचे। इस दौरान एक युवक ने बाइक से उतरकर आजाद पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। उसे बुरी तरह से घायल कर दिया और फरार हो गए। तुषार ने अन्य लोगों की मदद से आजाद को पास के अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी गुरुसेवक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दीपक के घर पर दबिश दी लेकिन वह फरार हो गया था। शनिवार को पुलिस ने वारदात में शामिल गगन और एक नाबालिग को पकड़ लिया। उसके कब्जे से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक का परिवार हाल ही में यहां रहने आया था।