फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली का हाल: घर की चारदीवारी में सबसे ज्यादा हिंसा, छह माह में 4000 से अधिक शिकायतें; यौन प्रताड़ना चिंताजनक

Sun, 22 Nov 2026 03:21 AM IST
दुष्यंत शर्मा सोनम प्रतिहस्त, नई दिल्ली

सार

इस साल जनवरी से मई के बीच हेल्पलाइन पर जितनी शिकायतें दर्ज की गईं, उनमें सबसे ज्यादा घरेलू हिंसा से जुड़ी हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिस घर को महिलाओं की सुरक्षा और सुकून का ठिकाना होना चाहिए, दिल्ली में वही उनके लिए हिंसा और उत्पीड़न की सबसे बड़ी वजह बन रहा है। दिल्ली में महिला सहायता हेल्पलाइन 181 पर आई शिकायतों के आंकड़े इस कड़वी हकीकत को उजागर करते हैं। इस साल जनवरी से मई के बीच हेल्पलाइन पर जितनी शिकायतें दर्ज की गईं, उनमें सबसे ज्यादा घरेलू हिंसा से जुड़ी हैं।

विज्ञापन


हर दस में से औसतन छह शिकायतें इसी तरह की है। इस साल के पहले पांच महीनों में दिल्ली महिला आयोग के टोल फ्री नंबर पर 1,39,583 फोन कॉल आए। इनमें से 6,541 मामलों को औपचारिक शिकायत के रूप में दर्ज किया गया। इसमें से 4,072 शिकायतें घरेलू हिंसा से जुड़ी थीं। यानी हर दस में से छह शिकायत घरेलू हिंसा की मिलीं। कुल शिकायतों में करीब 62 फीसदी मामले इस केटेगरी के थे। यह आंकड़ा बताता है कि महिलाओं के लिए हिंसा का खतरा केवल सार्वजनिक स्थानों तक सीमित नहीं है, बल्कि घर की चारदीवारी के भीतर भी उन्हें सुरक्षा की गारंटी नहीं मिल पा रही है।

दूसरे नंबर पर पारिवारिक विवादों से जुड़े मामले
घरेलू हिंसा के बाद पारिवारिक और नागरिक विवादों से जुड़े मामले दूसरे नंबर पर रहे। इस अवधि में ऐसे 761 मामले दर्ज किए गए। पिछले साल की तुलना में इस तरह की शिकायतों में पांच गुना उछाल आया है। पिछले साल इसी अवधि में ऐसे 151 मामले दर्ज हुए थे। यह बढ़ोतरी कई सवाल खड़े करती है। क्या पारिवारिक विवादों की प्रकृति अधिक गंभीर हो रही है, महिलाएं अब पहले से ज्यादा खुलकर शिकायत दर्ज करा रही हैं या हेल्पलाइन तक उनकी पहुंच बढ़ी है?
विज्ञापन


अब वॉट्सएप बना शिकायत का नया माध्यम : महिलाओं की शिकायतें अब केवल फोन कॉल तक सीमित नहीं हैं। व्हाट्सएप के माध्यम से भी महिलाएं अपनी परेशानी और शिकायतें आयोग तक पहुंचा रही हैं। यह माध्यम उन महिलाओं के लिए खास तौर पर उपयोगी हो सकता है, जो सामाजिक दबाव, पारिवारिक निगरानी या अन्य कारणों से खुलकर फोन पर बात नहीं कर पातीं।

हर कॉल अपराध की शिकायत नहीं : मालती वर्मा
दिल्ली महिला आयोग की सदस्य मालती वर्मा के मुताबिक, बड़ी संख्या में शिकायतें आई हैं। शिकायतें व्हाट्सएप नंबर पर भी मिल रही हैं। इसमें से जिनमें शिकायत दर्ज करने की जरूरत है, उसको औपचारिक रूप दिया जाता है। हर कॉल किसी अपराध या उत्पीड़न की औपचारिक शिकायत नहीं होती। कई महिलाएं कानूनी अधिकारों, काउंसलिंग और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी लेने के लिए भी संपर्क करती हैं। जरूरत के अनुसार उन्हें संबंधित विभागों और सहायता तंत्र से जोड़ा जाता है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें