अमन विहार इलाके में शुक्रवार सुबह एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इलाके के एक खुले मैदान में भरे पानी में उसका शव सड़ी गली हालत में मिला है। शुरुआती जांच में उसके शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है और मृतक की पहचान करने में जुटी है।
नरेला इलाके में बृहस्पतिवार रात आपसी रंजिश में युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटना से कुछ देर पहले मृतक का हमलावरों से झगड़ा हुआ था। हमलावरों ने उसकी पिटाई कर दी थी। मृतक दोस्तों के साथ आने की बात कहकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ पुनर्वास कॉलोनी, डीडीए पार्क के पास पहुंचा। जहां कहासुनी के दौरान हमलावरों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल युवक को उसके दोस्त पास के अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोस्तों के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर वारदात में शामिल एक नाबालिग को पकड़ लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।