क्रेडिट कार्ड पेमेंट में हुई गड़बड़ी की कस्टमर केयर पर शिकायत करना एक महिला एम्सकर्मी को भारी पड़ गया। जालसाजों ने पीड़िता के बैंक खाते से हजारों रुपये निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर पश्चिम विहार थाना पुलिस ने ठगी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
फोनपे से ज्यादा रकम का पेमेंट कर दिया
पश्चिम विहार निवासी अनीता मगन दिल्ली के एम्स अस्पताल में कार्यरत है। पुलिस को दी शिकायत में अनीता ने बताया कि वह शॉपिंग के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करती है। हर महीने वह क्रेड एप से पैमेंट करती है। 25 हजार रुपये का पेमेंट करने के दौरान उसने फोनपे से ज्यादा रकम का पेमेंट कर दिया। इसकी शिकायत करने के लिए उसने गूगल से क्रेड एप का कस्टमर केयर नंबर निकाला और उस पर बात की। पीड़िता ने अपनी सारी समस्या बताई।
अनीता ने उसके दिए दो अकाउंट में 25-25 हजार रुपये डाल दिए
कस्टमर केयर पर बात करने वाले व्यक्ति ने अनीता को सबसे पहले ऐनी डेस्क एप डाउनलोड करने के लिए कहा। उसके बाद बताया कि कंपनी का नियम है कि हम आपके बैंक खाते में दो लाख रुपये भेजेंगे, आप अपनी रकम को रखकर बाकी का रकम वापस कर देना। उसने अनीता के बैंक खाते में दो लाख रुपये भेजे। अनीता ने उसके दिए दो अकाउंट में 25-25 हजार रुपये डाल दिए। लिमिट पूरा होने की वजह से और रकम नहीं भेज पाई। बाद में अनिता को कुछ शक हुआ।
बैंक खातों की जांच कर उनकी पहचान की जा रही
जब उसने अपने बैंक अकाउंट की जांच की तो पता चला कि जालसाजों ने उसके खाते में दो लाख रुपये बतौर लोन रकम डाली थी। ठगी का खुलासा होने के बाद पीड़िता ने थाने में इसकी शिकायत की। पुलिस मामले की छानबीन करने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पैसे डालने के लिए आरोपियों की ओर से दिए गए बैंक खातों की जांच कर उनकी पहचान की जा रही है।